बागपत। सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों को प्रशासन के लोगों ने चिह्नित करना शुरू कर दिया है। जिला मुख्यालय से सटे निवाड़ा गांव में एंटी भूमाफिया सैल की टीम ने कानूनगो के नेतृत्व में मकानों पर लाल निशान लगाए। टीम ने कहा कि सरकार की जमीन पर अवैध तरीके से कब्जे नहीं करने दिए जाएंगे।
एमएलसी की भूमि पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं है। प्रशासन की टीम धरातल पर पहुंचकर नक्शे से अपनी जमीन को चिह्नित कर रही है। जिन लोगों ने जमीन पर कब्जा करके मकान, दुकान, प्लाट या खेती की हुई है, टीम ने उन पर निशान लगाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को एंटी भूमाफिया सैल की टीम कानूनगो रोहित तोमर के नेतृत्व में निवाड़ा गांव पहुंची। जमीन पर कब्जा करने वालों लोगों के मकानों पर निशान लगा। गांव के एक छोर से दूसरे छोर तक अफसरों ने अपनी जमीन को चिह्नित कर लिया है। उधर, लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। कर्मचारियों के साथ नोकझोंक की। टीम के प्रभारी कानूनगो रोहित तोमर ने सख्त चेतावनी दी प्रशासन के कार्य में बाधा पहुंचाई तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराई जाएगी। उनके साथ महेश शर्मा, विनोद कुमार शर्मा, कुलदीप शर्मा, वरूणवेश, बलबीर सिंह, रामाशीश यादव कर्मचारी मौजूद रहे।
निवाड़ा गांव के लोगों ने सरकारी प्राथमिक विद्यालय की जमीन को भी नहीं बख्शा है। उस पर अवैध रूप से कब्जा करके मकान बना दिए हैं। कानूनगो रोहित तोमर ने बताया कि पहले चक्र में सरकारी की भूमि को चिह्नित कर निशान लगाए जा रहे हैं। अग्रिम कार्रवाई पर अवैध कब्जों को बुल्डोजर से हटवाया जाएगा। निवाड़ा गांव से अभियान की शुरूआत हो गई है।