दोघट । निरपुड़ा गांव में शुक्रवार की रात बदमाशों ने डेयरी से भैंसों को लूटने का प्रयास किया। जाग होने पर ग्रामीणों ने बदमाशों को घेर लिया, जिस पर बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
निरपुड़ा गांव में बाहरी छोर पर नरेश ने डेयरी खोल रखी है। डेयरी में भैंस व गाय है। शुक्रवार की रात नरेश डेयरी में सो रहा था। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और डेयरी से भैंसों को लूटने का प्रयास किया। भैंसों की आवाज सुनकर नरेश की आंख खुल गई और उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर गांव में जाग हो गई। काफी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे व लाइसेंसी हथियार लेकर वहां पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाब में ग्रामीणों ने भी फायरिंग की। रात में गोलियों की आवाज सुनकर गांव में दहशत फैल गई। बदमाश फायरिंग करते हुए जंगल में फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। नरेश ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।