बागपत। सिंघावली अहीर क्षेत्र के एक गांव में युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस पीड़ित का कोर्ट में बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। इस मामले में पंचायत ने आरोपी से निकाह की पेशकश की थी, लेकिन युवती ने इंकार कर दिया था।
पीड़ित युवती का परिवार गांव के पास स्थित भट्ठे पर ईंट पथाई का कार्य करता है। वह तीन दिन पहले भट्ठा पर खाना लेकर जा रही थी। रास्ते में गांव के युवक ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया था। इस मामले में युवती के परिवार पर केस में समझौता करने का दबाव बनाया था। इतना ही नहीं पंचायत ने आरोपी युवक से युवती का निकाह करने की पेशकश की थी, लेकिन युवती और उसके परिजनों ने इससे इंकार कर किया था।
बाद में थाने में घटना की तहरीर दी थी। इस मामले में सिंघावली अहीर थाने में आरोपी युवक शाहरूख के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने लड़की का अस्पताल में मेडिकल कराया। अब पुलिस उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराने की तैयारी में है। थाना एसएसआई रजनीश कुमार ने कहा लड़की के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसी के आधार पर कार्रवाई होगी।