मिर्धानपुरा मोहल्ले में डकैती के बाद बिखरा पड़ा सामान दिखाती महिला।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। पुराना कस्बा के मिर्धानपुरा मोहल्ला के फूल व्यापारी यूनुस समेत दो लोगों के मकानों में मंगलवार रात 12-14 बदमाश घुसे। आरोप है बदमाश मकानों से साढ़े 52 हजार रुपये की नकदी समेत लाखों रुपये के आभूषण और अन्य सामान लूटकर ले गए। पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की है।
व्यापारी यूनुस का कहना है कि वह मंगलवार को दिल्ली मंडी में गया हुआ था। देर रात जब वहां से लौटा तो मकान में बदमाश घुसे हुए मिले। बदमाशों ने उनके परिवार को कब्जे में ले रखा था। बाद में उसे भी कब्जा में ले लिया। हथियारों के बल पर आतंकित कर बदमाश मकान से साढ़े 49 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान लूटकर ले गए।
बदमाशों ने पड़ोसी यामीन के घर पर भी वारदात को अंजाम दिया। उनके मकान से करीब तीन हजार रुपये नगद समेत अन्य सामान लूटकर ले गए। घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पीड़ितों ने कोतवाली पर पहुंचकर घटना की शिकायत की।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी लोकेंद्र शर्मा का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। इस तरह की शिकायत आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।