ख्ाट्टा प्रहलादपुर में चोरी के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खट्टा प्रह्लादपुर गांव में शुक्रवार रात चोरों ने तीन मकानों से 85 हजार रुपये की नगदी समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी किया। घटना से लोग दहशत में है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर पीड़ितों को जल्द ही केस का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
खट्टा प्रह्लादपुर गांव निवासी किसान संजय पुत्र हुकुम सिंह शुक्रवार रात अपने परिवार के साथ मकान की छत पर सोए हुए थे। देर रात मकान की दीवार कूदकर चोर घर में घुस आए और कमरों का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये नगद, पांच तोले सोने और करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण और घरेलू सामान चोरी करके ले गए। पड़ोसी वीरेंद्र पुत्र रूपचंद दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है।
वह भी परिवार के साथ रात को छत पर सोया हुआ था। उनके मकान भी चोर घुसे और कमरे से 55 हजार रुपये नगद, छह तोले सोने और करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े और अन्य सामान ले गए। इनके अलावा भट्ठा मजदूर दिलशाद के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया।
मकान से 10 हजार रुपये की नगदी, सोने के कुंडल, करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण, मोबाइल और अन्य सामान चोरी करके ले गए। शनिवार सुबह तीनों परिवार के लोग उठे तो उन्हें मकान में सामान बिखरा हुआ मिला। तलाश करने पर सामान गायब मिला। मौके पर काफी ग्रामीण इकट्ठे हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। तलाश करने पर एक खेत में वीरेंद्र के मकान से चोरी किया गया संदूक और कपड़े मिले। ग्रामीणों ने पुलिस से केस का खुलासा करने की मांग की है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार भारती का कहना है कि चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही खुलासा होगा।