रटौल गांव में दूल्हे का निकाह पढ़ते मौलवी और मौके पर मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
चांदीनगर। खेकड़ा क्षेत्र के गांव रटौल में दुल्हन ने दूल्हे को गंजा और अधेड़ बताकर निकाह करने से इंकार कर दिया। यह सुनकर हर कोई हैरान हो गया। गांव के कुछ जिम्मेदार लोगों ने पंचायत कर पड़ोस की युवती के साथ युवक का निकाह करने का निर्णय लिया। बाद में दुल्हन और दूसरी युवती का निकाह हो गया।
बड़ौत के गांव हिलवाड़ी के युवक मोहम्मद इशरार का रिश्ता दो माह पहले रटौल की युवती इमराना से हुआ था। मंगलवार को इमराना का निकाह था। इसकी पूरी तैयारी की गई। सुबह को बारात पहुंच गई थी। शादी समारोह में हर कोई खुश नजर आ रहा था, लेकिन निकाह समारोह के समय दुल्हन इमराना की जैसे ही दूल्हे पर नजर पड़ी। वह टेंशन में आ गई।
उसने दूल्हे को गंजा और अपने से काफी ज्यादा उम्र का बताते हुए निकाह करने से इंकार कर दिया। यह सुनकर हर कोई हैरान हो गया। दुल्हन को परिजनों और रिश्तेदारों ने काफी समझा, लेकिन वह निकाह के लिए तैयार नहीं हुई। बाद में दुल्हन के पक्ष में परिवार की ओर महिला भी आ गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
गांव के कुछ जिम्मेदार लोगों ने पंचायत की, इसमें पड़ोस का एक गुलाम अपनी बेटी मुस्कान का दूल्हे मोहम्मद इशरार से निकाह करने को तैयार हो गया। बाद में मुस्कान का उसके साथ निकाह हुआ। मुस्कान के फुफेरे भाई साजिद निवासी गांव जोगिया खेड़ा (मुजफ्फरनगर) से इमराना का निकाह हुआ।
गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। उधर, मोहम्मद इशरार के पिता इरफान का कहना है कि उसके बेटे को दो माह पहले इमराना के परिवार के लोगों ने देखा था। इसके बाद ही निकाह की तैयारी की गई। निकाह से इंकार करके उनको अपमानित किया गया है। इस बारे में खेकड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार भारती ने कहा यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। न ही किसी ने पुलिस से शिकायत की है।