चांदीनगर। मनचले की हरकतों से आजिज आकर परिवार के पलायन करने का मामला अभी शांत नहीं हुआ। बुधवार को एक ओर मामला सामने आ गया। बीए की छात्रा ने कहा कॉलेज आते-जाते समय तीन युवक छेड़छाड़ करते हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने थाने में आरोपी तीनों युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
चांदीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा ने पुलिस को बताया वह बीए में पढ़ती है। कॉलेज आते-जाते समय गांव के तीन युवक पिछले काफी समय से उसे परेशान कर रहे हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज कर धमकी देते हैं। परेशान होकर उसने अपने घर में इसकी जानकारी दी। परिवार के लोग शिकायत करने गए तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने आरोपी अंकुज, आकाश और नारा के खिलाफ (धारा 354ए, 504, 506 आईपीसी) रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने कहा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बिनौली क्षेत्र की 12वीं की छात्रा के साथ भी दो मनचले स्कूल आते-जाते समय अश्लील हरकतें करते थे। बाद में आरोपियों ने उसके मकान में अश्लील और धमकी भरे खत डालने शुरू कर दिए थे। इससे परेशान होकर छात्रा ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन कलक्ट्रेट में अफसरों को दिया। बाद में परिवार ने गांव से ही पलायन कर दिया था।