हाईकोर्ट की रोक के बावजूद जनपद में चल रहे भट्ठों को बंद कराने गई पुलिस टीम को बंदपुर गांव के पास स्थित एक भट्टे में ईंटों की जगह शराब भरी हुई मिली। पुलिस शराब के जखीरे को देखकर हतप्रभ रह गई।
पुलिस ने वहां से 800 पेटी देशी शराब के साथ एक युवक को हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि यह शराब तस्करी कर क्षेत्र में सप्लाई करने के लिए लाई गई थी।
हाईकोर्ट ने ईंट भट्टों को चलाने पर रोक लगा रखी है। उसके बावजूद जनपद के कुछ भट्ठा मालिक अपने भट्ठों पर ईंटों की पथाई करा रहे हैं। कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को पुलिस टीम ने भट्ठों पर छापामारी की।
इस दौरान बंदपुर गांव के एक भट्टे पर अजीब नजारा देखने को मिला। कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव का कहना है कि छापामारी के दौरान बंदपुर गांव के पास स्थित फेरू लाल के भट्ठे पर देशी शराब की पेटियां भरी हुईं मिली। वहां से 800 पेटी शराब के साथ एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
आरोपी निरोजपुर गांव का है। अभी तक पता चला है कि यह शराब क्षेत्र में सप्लाई करने के लिए लाई गई थी। हालांकि शराब किसकी है, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। जल्द ही पता लगाकर पूरे गैंग को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।