बड़ौत । अमीनगर सराय रोड पर शनिवार की देर रात समारोह से बाइक पर लौट रहे महिला समेत तीन लोगों से गैस गोदाम के पास तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर हजारों रुपये की नगदी, मोबाइल और बाइक लूट ली। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों को तलाश किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे।
लूट का शिकार हुए निखिल पुत्र वीरेंद्र निवासी कमला नगर बड़ौत अपने दोस्त अमित और उसकी पत्नी विनीता निवासी आजाद नगर के साथ अमीनगर सराय रोड पर शादी समारोह में गए थे। जब वे वापस लौट रहे थे तो अमीनगर सराय रोड पर गैस गोदाम के नजदीक तीन तमंचाधारी बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनसे आठ हजार रुपये की नगदी, मोबाइल और बाइक लूट ली और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
इसकी सूचना पर पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। इस संबंध में निखिल ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने इस मामले की जांच के साथ बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।