कोतवाली क्षेत्र के गांव कौताना में रविवार को दिन के समय हुई कहासुनी रात के समय संघर्ष में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। लोगों के अनुसार इस दौरान फायरिंग भी की गई। पुलिस गांव में पहुंची और तनाव देख पुलिस बल तैनात किया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कौताना में रविवार को दिन के समय जामुन बेचने को लेकर बच्चों में कहासुनी हो गई थी, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप करके बच्चों को भगाकर मामले को शांत कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार शाम के समय बच्चों ने अपने परिजनों को दिन की कहासुनी के बारे में जिक्र किया तो परिवार के बड़ों लोगों को गुस्सा आ गया और दोनों पक्ष के बड़े लोग आमने सामने आ गए।
इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। ग्रामीणों के अनुसार इसी दौरान हवा में कई फायर भी किए गए। इससे वहां भगदड़ मच गई। इसी दौरान किसी ने थाने में गांव में पथराव होेने की सूचना दे दी, सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची। गांव में पुलिस को देखकर पथराव करने वाले लोग इधर उधर हो गए। इस पथराव और फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
कोतवाल विजय सिंह ने बताया कौताना में पथराव होने की सूचना मिलते ही गांव में फोर्स भेजा । पथराव में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। तनाव को देखकर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है। उन्होंने बताया पथराव के दौरान कोई फायरिंग नहीं हुई है। किसी ने तहरीर भी नहीं दी है।