हलालपुर गांव में पौने दो माह पूर्व 12वीं के छात्र पर तेजाबी हमला हुआ था। इससे पीड़ित की एक आंख की रोशनी तथा एक कान से सुनाई देना बंद हो गया। उसके बाद भी पुलिस हमलावर को गिरफ्तार नहीं कर रही है। बल्कि पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने अपने परिजनों के साथ शुक्रवार को एसपी से शिकायत की है।
छात्र गौरव ने बताया ने वह 10 जनवरी को अपने गन्ना क्रेशर में बैठा हुआ था। तभी वहां पर रठौड़ा गांव का विशेष समुदाय का युवक पहुंचा और उसके पास बैठ गया था। थोड़ी देर बाद आरोपी युवक ने उस पर तेजाब फेंक दिया और उसका मोबाइल लेकर फरार हो गया था। छपरौली थाने पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उसका दिल्ली अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी एक आंख की रोशनी चली गई और एक कान से सुनना बंद हो गया है। पुलिस समझौते का दबाव बना रही है। आरोपी धमकी दे रहे हैं। इससे परिवार भयभीत है। शुक्रवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचकर उन्होंने कार्रवाई की मांग की है। एसपी अजय शंकर राय ने पीड़ित को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।