बागपत के बड़ौत में हरिद्वार से दिल्ली जा रही पैसेंजर ट्रेन के आगे बावली हाल्ट के् नजदीक एक छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि किसी तरह लोगों ने उसे बचाया और उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन वहां पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती नगर के एक कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसका प्रथम पाली में पेपर था। पेपर बिगड़ जाने के कारण वह मानसिक संतुलन खो बैठी और बावली हाल्ट के पास पहुंची। दोपहर बाद हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। वहां मौजूद लोगों ने बमुश्किल उसे बचाया और समझाबुझाकर उसका गुस्सा शांत किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उनके परिजनों को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर उसके परिजन बावली हाल्ट के पास पहुंचे तो लोगों ने छात्रा को उन्हें सौंप दिया। वे अपने साथ छात्रा को लेकर चले गए।
दहशत में छात्रा का स्कूल छूटा
बागपत। बड़ौत क्षेत्र के एक गांव की छात्रा तीन मार्च को दोपहर साढ़े 12 बजे स्कूल में परीक्षा देकर घर लौट रही थी। रास्ते में गांव के ही चार लोगों ने उसको बाइक पर जबरदस्ती बैठाकर ले जाने का प्रयास किया था। विरोध करने पर उस पर सरिया से हमला कर दिया था। गले में चुन्नी डालकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया था। कोतवाली में आरोपी प्रदीप, सतपाल, अमित, संजीव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। आरोप है कि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ने के बाद छोड़ दिया। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे पूरा परिवार दहशत में है। छात्रा स्कूल भी नहीं जा पा रही है। पीड़ित परिजनों ने मंगलवार को एसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी अजय शंकर राय ने बड़ौत पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।