बागपत। कस्बा अग्रवाल मंडी टटीरी के पेट्रोल पंप पर लूट का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने कहा वारदात को राहुल खट्टा गैंग के हिस्ट्रीशीटर जोगेंद्र बली ने दो साथियों के साथ अंजाम दिया है। एक अपराधी पकड़ा है। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। दूसरे साथी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। आरोपी जोगेंद्र की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी खड़खड़ी निवासी मिरहसन है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। मिरहसन ने बताया उसने बली गांव के जोगेंद्र और राहुल उर्फ चोटी के साथ मिलकर सोमवार को पेट्रोल पंप के मैनेजर और सेल्समैनों से लूटपाट की थी। वह सीधे अपने गांव चला गया था, जबकि दोनों बदमाश रास्ते में बाइक से उतर गए थे। ये पहले भी वारदात कर चुके हैं।
कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा मिरहसन को कोर्ट में पेश किया गया था। वहां से उसे जेल भेजा है। वारदात के आरोपी राहुल उर्फ चोटी निवासी बली ने पुलिस को चकमा देकर सीजेएम कोर्ट में बुधवार को सरेंडर किया। पुलिस को इसका पता भी नहीं चला। कोतवाल का दावा है कि पुलिस दबाव के चलते ही राहुल चोटी ने कोर्ट में सरेंडर किया है।