शामली के कैराना क्षेत्र के एक गांव की युवती की तितरौदा गांव में अस्मत लूटने के मामले में कोर्ट ने सिंघावली अहीर थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। युवती ने रिश्ते के मामा पर उसे दो लोगों को बेचने का आरोप लगाया है।
युवती का कहना है कि उसके मामा ने 11 दिसंबर 2016 को उसे एक कार में बैठा दिया था। आरोपी उसे सिंघावली अहीर क्षेत्र के गांव तितरौदा में ले आए थे। वहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर साथियों के साथ दुष्कर्म करते थे। 21 दिसंबर की रात वह किसी तरह उनके चंगुल से निकली। बाद में ट्रक में सवार होकर रमाला के बिराल बस स्टैंड गई थी।
आरोपियों ने युवती से कहा था कि उसे उसके मामा से लाखों रुपये में खरीदा गया है। उसने पुलिस अफसरों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। सीजेएम कोर्ट ने इस मामले में सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दुष्कर्म पीड़िता ने लगाई न्यायपीठ में गुहार
सिंघावली अहीर क्षेत्र के एक गांव की 11वीं की छात्रा के साथ 11 जनवरी को पड़ोस के ही युवक ने चाकू के बल पर दुष्कर्म किया था। छात्रा का आरोप है कि थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। आरोपी खुलेआम घूम रहा है और केस में समझौते का दबाव बना रहा है। छात्रा ने परिजनों के साथ न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के पदाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। समिति के अध्यक्ष राजीव यादव ने सिंघावली अहीर थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।