बागपत के कर्मअलीपुर गढ़ी गांव में दीपावली की शाम खेत में दीपक जलाने गए किसान के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके सिर पर भी बेरहमी से भारी वस्तुओं से वार कर बुरी तरह से कुचला गया था। घटना से गांव में दहशत पसर गई। परिजनों ने अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस इस हत्या में किसी करीबी का हाथ मान रही है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है।
किसान धर्मवीर सिंह बुधवार की शाम अपने घर में दीपावली पूजन करने के बाद खेत में दीपक जलाने गया था। देर रात तक नहीं लौटने पर परिजनों को अनहोनी की चिंता सताने लगी। परिजन उसकी तलाश में खेत में पहुंचे। खेत में नलकूप के पास धर्मवीर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
उसके सीने में गोली मारी गई थी और सिर भारी वस्तुओं से प्रहार कर बेरहमी से बुरी तरह कुचला गया था। यह देखकर परिजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी रवि शंकर छवि, सीओ नरेंद्र प्रताप सिंह और सिंघावली अहीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस को मौके से एक कारतूस (315 बोर) बरामद हुआ है। सिर पर प्रहार करने वाली कोई भारी वस्तु आदि वहां नहीं मिली। माना जा रहा है कि बदमाश अपने साथ ही कोई राड या डंडा आदि लाए हाेंगे। मृतक के बेटे मनीष ने सिंघावली अहीर थाने पर अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी रवि शंकर छवि का कहना है कि कई अहम जानकारियां मिली हैं। उसी के आधार पर कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।
परिवार पर टूटा गम का पहाड़
अमीनगर सराय। धर्मवीर सिंह का एक बेटा और एक बेटी है। बेटी का रिश्ता तय है। जनवरी माह में शादी होनी है। परिवार में शादी की पूरी तैयारी चल रही थी, लेकिन ईश्वर को शायद कुछ और ही मंजूर था। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पूरा परिवार इस घटना से दहशत और दुखी है। परिवार पर गम का पहाड़ टूटने से आसपास के लोग काफी दुखी हैं।
प्रेम-प्रसंग के विरोध में तो नहीं हुई हत्या ?
अमीनगर सराय। पुलिस सूत्रों का कहना है कि एक युवती का पड़ोसी गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। धर्मवीर इसका विरोध करते थे। कई बार आरोपी युवक के साथ उनकी कहासुनी हुई थी। एक सप्ताह पूर्व भी आरोपी का धर्मवीर से झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी युवक ने ही कहीं उनकी हत्या कराई है।
पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है। सीओ नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि धर्मवीर की हत्या के केस की जांच कई बिंदुओं पर चल रही है। इनमें एक प्रेम प्रसंग के विरोध के मामले में भी जांच हो रही है, लेकिन जांच पूरी होने तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता। कई मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लिया गया है।