फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदमाशों ने किसान को पीट-पीट कर मार डाला

Wed, 11 Nov 2015 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बागपत
विज्ञापन
विज्ञापन
बागपत के बड़ौत में बावली रोड स्थित एक घेर में घुसे बदमाशों ने पशु लूटने का विरोध करने पर दो किसानों को चारपाई से बांधकर बेरहमी से पिटाई की। इसमें एक किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाश यहां से चार पशु लूट ले गए। बाद में इन पशुओं को जंगल में छोड़ कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किसान को अस्पताल भर्ती कराया।
विज्ञापन


बड़ौत के शांतिनगर पट्टी चौधरान निवासी सोहनवीर (50) पुत्र खिलारी ने पूर्व चेयरमैन मृगेंद्र सिंह की जमीन ठेके पर ली हुई है। वहीं, कल्लू पुत्र हरपाल निवासी दोघट ने भी यहीं जमीन ठेके पर ली हुई है। दोनों इसमें सब्जी बोते है। यहीं बने घेर में पशु भी बांधे जाते हैं।

सोमवार की रात सोहनवीर और कल्लू घेर में सोए हुए थे। रात करीब 12 बजे सात-आठ बदमाश घेर में घुस गए और पशु खोल कर ले जाने लगे। आहट से आंख खुलने पर दोनों किसानों ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उन्हें चारपाई पर बांध कर लाठी डंडों से पिटाई शुरू कर दी।
विज्ञापन


सिर में चोट आने पर सोहनवीर की मौके पर मौत हो गई, जबकि कल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बदमाश वहां से तीन भैंस और एक भैंसा लूट ले गए। बदमाशों के जाने के बाद कल्लू किसी तरह बंधनमुक्त होकर दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर होटल वालों के पास पहुंचा और पुलिस को वारदात की सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर सोहनवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, जबकि घायल कल्लू को सीएचसी में भर्ती कराया। साथ ही जंगलों में बदमाश की तलाश की तो लूटे गए पशु बरामद हो गए, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी वीके सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है, लूटे गए पशु बरामद कर लिए गए हैं। इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।  उधर, सोहनवीर की हत्या के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी विमला और अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें