हत्या के बाद एएसपी अजीजुल हक के सामने विरोध जताते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मंगलवार की रात में करीब सवा दस बजे बाजार में सामान खरीदने गए युवक पर मामूली कहासुनी के बाद चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया। वारदात के बाद हमलावर भाग गए। पुलिस और परिजन गंभीर घायल को लेकर नर्सिंग होम पहुंचे, वहां उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। देर रात तक पुलिस जमा रही। इस घटना के बाद कस्बे में तनाव की स्थिति बन गई।
खेकड़ा निवासी 27 वर्षीय इमरान पुत्र रफीक पाठशाला मार्ग पर हैंडलूम इकाई में नौकरी करता था। मंगलवार रात करीब सवा दस बजे वह सरस्वती नगर स्थित दुकान पर सामान लेन गया था। दुकान से सामान लेकर लौटते वक्त उसकी कस्बे के ही कुछ युवकों से कहासुनी हो गई।
युवकों ने चाकुओं से इमरान पर हमला कर दिया। इससे इमरान गंभीर घायल हो गया। इसके बाद हमलावर भाग गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और गंभीर घायल इमरान को नर्सिंग होम में ले गए, वहां उसे मृत घोषित किया। हत्या के बाद कस्बे में तनाव फैल गया।
पीड़ित पक्ष ने देर रात तक तहरीर नहीं दी, लेकिन दूसरे समुदाय के युवकों पर आरोप लगाया है। मामला दो समुदाय का होने के कारण तनाव बना है। देर रात तक पुलिस और परिजन नर्सिंग होम के बाहर जमा है।
परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है। एसपी अजय शंकर राय ने भी खेकड़ा पुलिस से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े।
सूचना मिलते ही देर रात मौके पर एएसपी अजीजुल हक, सीओ श्वेताभ पांडेय और आसपास के थानों की पुलिस पहुंची। परिजनों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। उधर, मौके पर एक सिपाही नशे की हालत में पहुंच गया। परिजनों ने एएसपी से उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।