बागपत के बड़ौत में पूर्वी यमन नहर पर अलावलपुर गांव के पास हथियारबंद चार बदमाशों ने बाइक सवार एक महिला समेत तीन लोगों को आतंकित कर नकदी समेत जेवरात लूट लिए। परिवार के एक सदस्य से मोबाइल छीनकर उसका सिम तोड़कर फेंक दिया। बदमाश तमंचे लहराते हुए खेत की ओर फरार हो गए। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पहुंचा कोई नहीं।
गाजियाबाद जनपद के ऊंचा गांव निवासी सोहन सिंह, उनकी पत्नी पूनम, भाई प्रवीण मंगलवार की सुबह दौज्जा गांव में किसी कार्य के लिए आए थे। दोपहर बाद वह घर लौट रहे थे। अलावलपुर गांव के पास रेलवे लाइन के नजदीक चार हथियारबंद बदमाश बाइक के आगे आ गए और तमंचे तान दिए। बदमाशों ने सोहनवीर से 6200 रुपये उसकी पत्नी पूनम से हाथ की सोने की अंगूठी, कानों के सोने के कुंडल लूट लिए। इसके बाद में बदमाशों ने उनका मोबाइल लेकर सिम तोड़ दिया। फिर मोबाइल उन्हें लौटा दिया। बदमाशों ने पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों को घटना की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। काफी देर बाद तक जब पुलिस नहीं पहुंची, तो लूटे लोग अपने गंतव्य स्थान की ओर चले गए। इस संबंध में पुलिस ने कहा कि घटना के संबंध में किसी ने कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने कहा कि पीड़ितों की ओर से शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।
हत्यारोपी भगोड़ा घोषित
बड़ौत। टैक्सी चालक की हत्या में फरार चल रहे ईदरीशपुर गांव के एक आरोपी को पुलिस ने भगोड़ा घोषित किया है।पुलिस के मुताबिक वर्ष 2015 में रवि कुमार टैक्सी चालक था। औसिक्का गांव का इरफान पुत्र ईदरीश किराए पर गाड़ी कर लेकर गया था। रास्ते में उसकी हत्या कर दी गई थी, जिसमें इरफान को नामजद किया गया था। वारदात के बाद से ही फरार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर उसे भगोड़ा घोषित किया गया है। अब पुलिस उसके खिलाफ न्यायालय से कुर्की के आदेश लेने का प्रयास कर रही है।