लुहारी गांव में आशीष की हत्या सोमवार शाम हुए झगड़े को लेकर की गई थी। आशीष, उसके चचेरे भाई और दोस्त का आरोपियों से बाइक टकरा जाने पर झगड़ा हुआ है। आशीष के चाचा ने छह लोगों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई। सभी आरोपी फरार हैं।
आशीष पुत्र राजेश, चचेरा भाई विकास पुत्र राकेश और दोस्त विकास उर्फ घोलू पुत्र हीरा लाल निवासी लुहारी बाइक पर किसी काम से जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक कुलदीप से टकरा गई थी। इसे लेकर उनमें मारपीट हुई थी।
दोनों परिवारों के लोग मामले को सुलझाने में लगे थे, तभी कुलदीप, बिट्टू, गौरव, मोंटू, सरकारी और नरेंद्र हथियारों से लैस होकर आए। पहले उन्होंने विकास उर्फ घोलू को गोली मारी। इसके बाद आशीष के घर के पास ही उसके सीने में सटाकर गोली मारी।
इसमें आशीष की मौके पर ही मौत हो गई थी और घोलू उर्फ विकास गंभीर घायल हो गया था। इस हत्या को लेकर सोमवार रात लुहारी गांव में काफी हंगामा हुआ था।
सोमवार की देर रात रिपोर्ट आशीष के चाचा राकेश पुत्र राजपाल ने कुलदीप, बिट्टू, गौरव, मोंटू, सरकारी और नरेंद्र निवासी लुहारी को नामजद कर दर्ज कराई। पुलिस रात से ही उनकी तलाश में ताबड़तोड़ छापे मार रही है।
देर रात एसपी पूनम और एएसपी ने घटनास्थल का दौरा किया। इस घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण स्थिति है। वहां पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं घायल विकास उर्फ घोलू की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उसे मेरठ से दिल्ली रेफर किया। इस वारदात के बाद उनके घर पर लोगों की भीड़ जमा थी।