बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के गांव हिलवाड़ी में पहले जलाभिषेक करने पर विवाद हो गया। कहासुनी और मारपीट के बाद एक दलित युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। उसे बचाने आए युवक के साथ भी मारपीट की गई।
घटना को लेकर इस जाट बहुल गांव में तनाव की स्थिति बन गई। आरोपियों में दो युवक आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं। घटना शुक्रवार रात करीब 10ः30 बजे की बताई जा रही है। शिवरात्रि पर्व गांव के शिवमंदिर में जलाभिषेक किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक दलित युवक रीटू भी जलाभिषेक के लिए पहुंचा।
वहां कुछ युवकों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि इन युवकों ने उसके पहले जल चढ़ाने का विरोध किया। बात बढ़ी तो उसके साथ पहले मारपीट की और फिर उसे गोली मार दी। गांव के ही एक अन्य जाट युवक ने उसे बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की।
गोली चलते ही मंदिर में भगदड़ मच गई। सूचना पर रीटू के परिजन और उनके पक्ष में भी लोग आ गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस पहुंची आैर घायल रीटू को नर्सिंगहोम में भर्ती कराया और आरोपियों की तलाश में दबिश दी। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।