हबीबपुर नंगला गांव में सीआरपीएफ के जवान ने फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। सुसाइड नोट में मौत की वजह पत्नी का उत्पीड़न बताया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा। आरोपी महिला के परिजनों ने हंगामा किया। जवान की मौत के बाद गांव में गम का माहौल है।
बालैनी क्षेत्र के हबीबपुर नंगला निवासी रविंद्र कुमार (31) पुत्र जोधा सिंह वर्ष 2007 में सीआरपीएफ में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुआ। फिलहाल उसकी तैनाती दिल्ली में चल रही थी। दो सप्ताह पहले छुट्टी लेकर घर आया । मंगलवार की रात में उसने मकान के कमरे में पंखे पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बुधवार सुबह परिजनों को उसका शव पंखे से लटका मिला। परिजनों को जवान का तीन पेज का सुसाइड नोट भी रखा हुआ मिला। उसने अपने मरने की वजह अपनी पत्नी बताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, साथ ही सुसाइड नोट को भी अपने कब्जे में ले लिया।
मृतक के भाई जितेंद्र ने अपनी भाभी रीतू उर्फ चीनू के खिलाफ अपने भाई को आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया। बालैनी थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने कहा आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेजा।
जा रहा हूं, जितेंद्र परिवार का ख्याल रखना
बालैनी। सुसाइट नोट में रविंद्र ने अपने मरने की वजह अपनी पत्नी को बताया है। सुसाइट नोट में लिखा कि पत्नी मेरे माता-पिता, भाई-बहनों और मेरे साथ मारपीट करती थी। उसकी समाज में बेइज्जती हो रही थी। रोज जिल्लत की जिंदगी जीता था।
उसने अपने भाई जितेंद्र को लिखा मेरे जाने के बाद पूरे परिवार और मेरी बेटी का ख्याल रखना और मेरी पत्नी को घर से निकाल देना, क्योंकि आज तो उसकी वजह से मैं जान दे रहा हूं, कल किसी ओर को देनी पड़ेगी। पुलिस प्रशासन मेरे परिवार को परेशान मत करे, मैं सिर्फ अपनी पत्नी से पीछा छुड़ाने के लिए जान दे रहा हूं। क्योंकि जीते जी में उससे पीछा नहीं छुड़ा सकता था।
मायके वाले बोले साजिश के तहत फंसाया
बागपत। रविंद्र की शादी बुलंदशहर के हरचना निवासी रीतू उर्फ चीनू के साथ वर्ष 2009 में हुई । मंगलवार को रविंद्र के आत्महत्या करने का पता चलते ही उसके मायके वाले गांव में पहुंचे। जैसे ही उनको पता चला रीतू को पुलिस ने पकड़ लिया है। उन्होंने पहले गांव में फिर थाने में हंगामा किया। उन्होंने कहा महिला को साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
एसपी बोले, सुसाइड नोट की होगी जांच
एसपी जय प्रकाश ने अर्द्ध सैनिक बल के मृत जवान रविंद्र के पास से जो सुसाइड नोट मिला है। उसकी जांच कराई जाएगी।