पिलाना । गाजियाबाद से लुहारा गांव जाते समय सिखेड़ा गांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने बाइक को रोका। इस दौरान बदमाश बाइक सवार दो महिलाओं से कुंडल लूटकर भाग गए।
गाजियाबाद निवासी मनोज अपनी पत्नी बबीता और परिचित ज्योति के साथ मंगलवार दोपहर बाइक पर सवार होकर अपनी रिश्तेदारी में लुहारा गांव जा रहा था। जैसे ही वे सिखेड़ा गांव के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने से बाइक को रुकवा लिया।
इस दौरान बदमाशों ने दोनों महिलाओं के कानों पर झपटा मार दिया। बदमाश महिलाओं के कुंडल लूटकर पिलाना भट्ठे की ओर भाग गए। मनोज ने बदमाशों का काफी पीछा किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। उसने पुलिस को वारदात की शिकायत की। चांदीनगर थाना प्रभारी ने कहा इस तरह की उनके क्षेत्र में कोई घटना नहीं हुई है।
बागपत। पिलाना गांव में भूषण त्यागी के मकान में चोरों ने सोमवार रात घुसकर चोरी करने का प्रयास किया। इसी दौरान परिवार के लोग जाग गए। उन्होंने शोर मचा दिया। बदमाश खेतों की ओर भाग गए। गांव में पहरा दे रहे लोगों ने बदमाशों को घंटों तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। लोगों ने पुलिस से चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।