नहर के पास छात्र के कपड़े की जांच करते एसओ राजपाल सिंह
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शरफाबाद गांव से बीए का छात्र विपिन शनिवार शाम रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। रविवार सुबह उसके कपड़े हिंडन नदी किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने उसकी डूबने की आशंका जताई। गोताखोर नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
चांदीनगर क्षेत्र के शरफाबाद निवासी विपिन, गाजियाबाद के एक कॉलेज में बीए में पढ़ता है। वह पिछले कुछ दिन से साहिबाबाद में सिक्योरिटी की नौकरी कर रहा है। परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम करीब तीन बजे विपिन अपने दोस्त के पास जाने के लिए बोलकर गया था। इसके बाद वापस घर नहीं लौटा। रात को इंतजार करने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका पता नहीं चला।
रविवार सुबह गांव के कुछ लोग हिंडन नदी के पास से गुजर रहे थे, उनको वहां पर कपड़े पड़े दिखाई दिए। जानकारी मिलने पर परिजनों ने वहां पर पहुंचकर कपड़ों को पहचान लिया। उसकी जेब से 20 रुपये निकले। यह विपिन के ही कपड़े है। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची। परिजनों ने विपिन की नदी में डूबने की आशंका जताई। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नदी में उतार दिया। तभी से ही उसकी तलाश की जा रही है, लेकिन उसका अभी तक पता नहीं चला। थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने कहा मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। युवक के नदी में डूबने का मामला प्रतीत नहीं हो रहा है।