बड़ौत के दिल्ली बस स्टैंड पर पुलिस को लूट की जानकारी देते पीड़ित।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बस स्टैंड पुलिस चौकी के नजदीक बाइक सवार तीन सशस्त्र बदमाश फल व्यापारियों को तमंचों के बल पर रोककर हजारों की नगदी और उनकी बाइक लूट ले गए।
नदीम पुत्र अलीमुदीन पट्टी चौधरान बड़ौत का रहने वाला है और वह फल व्यापारी है। वह अपनी बाइक आर 15 यूपी 14 बी डब्ल्यू 9661 से बस अड्डे से पशु पैंठ में जा रहे थे।
जब वे दिल्ली-सहारनुपर हाईवे पर बस स्टैंड पुलिस चौकी से मात्र 150 मीटर की दूरी पर बंद पड़े पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तो एक बाइक पर सवार तीन बदमाश जो तमंचे लिए थे और उन्हें ओवर टेक कर रोक लिया और उन्हें सुनसान जगह ले गए। बदमाशों ने उनसे 15 हजार की नगदी लूट ली। विरोध करने पर उन्होंने उनके साथ मारपीट की। बाद में उनकी बाइक लूटकर बाजार की ओर भाग निकले।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की और नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। इस संबंध में नदीम ने बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।
कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा यह मामला अभी संदिग्ध प्रतीक हो रहा है। इस मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही मामला दर्ज कर कार्रवाई होगी।