बड़ौत में छात्र की हत्या के बाद जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अभिषेक उर्फ गुड्डू घर से बोर्ड परीक्षा देने के लिए निकला था। परीक्षा के लिए ही चार दिन पहले उसने कार खरीदी थी। दोस्तों को इसमें साथ लेकर वह परीक्षा केंद्र जाता और फिर उन्हें छोड़ता हुआ वापस लौटता। वाजिदपुर में भी उसने जिस दोस्त के लिए ही गाड़ी रोकी थी, उसी ने उसे मौत की नींद सुला दिया।
अभिषेक के पिता आनंद इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाते हैं। बेटे की 12वीं की परीक्षा का सेंटर मेरठ में पड़ा तो आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए कार खरीदकर दे दी। शुक्रवार को मेरठ में चौधरी इलम सिंह जेवीपीआईसी सतवाई भोला झाल परीक्षा केंद्र पर अभिषेक की द्वितीय पाली में गणित की परीक्षा थी।
उसने बड़ौत से दो साथियों को साथ लिया और वाजिदपुर से भी साथियों को बैठाना था। लेकिन मानों मौत ही अभिषेक का इंतजार कर रही थी। कार रोकी, इसी बीच हमलावरों ने तमंचे से उसे दो गोलियां मार दी।
एकाएक हुई वारदात से न कार में सवार छात्र कुछ समझ पाए और न ही आसपास से गुजर रहे लोग। हमलावर ईख के खेत में कूदकर फरार हो गए। इसके बाद कार में सवार एक छात्र ने हिम्मत कर पुलिस को जानकारी दी और अस्पताल तक अभिषेक के साथ गया। यहां से पुलिस की सहमति से वह परीक्षा देने चला गया। एसपी जय प्रकाश का कहना है कि हर बिंदु पर जांच चल रही है। जल्द ही आरोपी पकड़ में होंगे।