बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी क्षेत्र में लिफ्ट लेकर बैठे चार बदमाशों ने शनिवार की रात लूटपाट का विरोध करने पर वैन चालक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद चालक के शव को रास्ते में खेत में फेंककर उसके बेटे को अगवा कर ले गए। मगर, रास्ते में गैस खत्म होने पर बदमाश चालक के पुत्र और वैन को खैला गांव के निकट छोड़कर फरार हो गए। उधर, एएसपी विद्या सागर मिश्र ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
शनिवार की रात ग्राम बसा टीकरी निवासी अनिल कुमार (40) की तबियत खराब थी। वह अपने बेटे विकास उर्फ विक्की (12) के साथ वैन से अग्रवाल मंडी टटीरी में चिकित्सक को दिखाने के लिए आया था।
पुलिस के मुताबिक रात करीब नौ बजे लौटते समय टटीरी रेलवे फाटक के नजदीक खड़े चार युवकों ने अनिल को रोककर पिलाना तक बैठाने के लिए कहा।
इस पर अनिल ने 15 रुपये प्रति सवारी चारों युवकों को वैन में बैठा लिया। मीतली के पास बदमाशों ने वैन लूटने का प्रयास किया।
इसका अनिल ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उसे तमंचे से आतंकित कर पिछली सीट पर बैठा लिया। एक बदमाश ने कार का स्टेयरिंग खुद संभाला, जबकि अन्य बदमाशों ने अनिल पर चाकुओं से कई वार कर उसके हाथ-पांव बांधकर ग्राम रोशनगढ़ के समीप एक खेत में फेंक दिया।
बदमाश विकास को वैन में बैठाकर पिलाना की ओर चल दिए। मगर, ग्राम खैला के नजदीक पहुंचते ही वैन की गैस समाप्त हो गई। यह देख बदमाश विकास और वैन को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
विकास ने मिनी ट्रक में लिफ्ट लेकर खेत में पिता के पास पहुंचा और घटना की सूचना परिजनों को दी। तुरंत ही परिजन रोशनगढ़ पहुंच गए और अनिल को बालैनी के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसपी विद्यासागर मिश्र ने कहा कि बदमाशों की तलाश में दबिशें डाली जा रही है। अनिल के बेटे की तहरीर पर चार बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।