बड़का गांव में बृहस्पतिवार की रात कई सशस्त्र बदमाशों ने पूरे परिवार को गन-प्वाइंट पर लेकर तीन लाख रुपये की नगदी, छत तौले सोने और दो किलो चांदी के जेवरात और एक बाइक लूट ली। वारदात से गांव में दहशत है। सूचना पर सीओ और थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर वारदात की जानकारी ली और बदमाशों के संबंध में सुबूत जुटाए।
बड़का गांव निवासी किसान हाजी रमजान पुत्र मामन ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे 14-15 सशस्त्र बदमाश चारदीवारी फांदकर उनके घर में घुस गए। उसे और उसकी पत्नी रहीसा, पुत्रवधु गुलशाना और दो छोटे बच्चों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया।
एक घंटे तक बदमाशों ने पूरे घर को खंगाला और तीन लाख रुपये की नगदी, छह तौले सोने के जेवरात, दो किलोग्राम चांदी के जेवरात लूट ली। इसके बाद बदमाश घर में खड़ी बाइक और हाजी रमजान को साथ लेकर फरार हो गए। बाद में रमजान को जंगल में छोड़ दिया।
बदमाशों के जाने के बाद परिजनाें ने शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सीओ सीपी सिंह, थानाध्यक्ष रामजीलाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और बदमाशों की तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका।
इस संबंध में हाजी रमजान ने कोतवाली पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बताया कि बदमाश करीब सवा पांच लाख रुपये की नकदी, जेवरात के अलावा बाइक भी लूट ले गए है। डकैती की वारदात के बाद गांव के लोगों में दहशत है।