बागपत के बड़ौत शहर के एक स्कूल से घर लौट रहे छात्र के अपहरण का मामला सामने आया है। छात्र के पिता ने अपनी पत्नी और उसके मायके वालों पर बच्चे का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।
पुलिस के मुताबिक बड़ौत के छपरौली रोड निवासी मनोज कुमार का अपनी पत्नी रीतू से विवाद चल रहा है। उसका आरोप है कि उसका छह वर्षीय बेटा हिमांशु, 10 सितंबर को स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर लौट रहा था। स्कूल के पास ही उसकी पत्नी रीतू और उसके मायके वाले उसके बेटा का अपहरण करके ले गए।
जब उसका बेटा काफी समय तक घर नहीं लौटा तो उसने उसकी तलाश शुरू कर दी। स्कूल के आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी दी। जब जाकर पता चला कि उसकी पत्नी और उसके मायके वालों ने ही हिमांशु का अपहरण किया है। उसने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया।
कोर्ट के आदेश पर मुजफ्फरनगर के भौंराकलां निवासी रीतू, युवक गंभीर, गौरव, रवि, सुनील और वीरसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। बड़ौत कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।