बागपत के बड़ौत क्षेत्र के कोताना गांव में बच्चों के खेलने के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। देखते-देखते दोनों पक्षों से धारदार हथियार चले। दोनो पक्षों के चार महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। सीएचसी पर उपचार कराने पहुंचे दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने सीएचसी पहुंचकर दो लोगों को हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
पुलिस के मुताबिक सलीम और अय्यूब के बच्चों में खेलने को लेकर विवाद हो गया। बच्चों के विवाद में बड़े भिड़ गए। दोनों पक्षों में गालीगलौज होने के साथ ही महिलाओं ने छतों से एकदूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। संघर्ष के दौरान जमकर धारदार हथियार चले।
इससे गांव में अफरातफरी मच गई। हमले में एक पक्ष के सलीम पुत्र जमशेद, शहनाज पत्नी नौशाद, हनीफा पत्नी सलीम, इमराना पत्नी अमरीश, वाजिद पुत्र समीम व दूसरे पक्ष से अय्यूब पुत्र अजूबदीन, उसका भाई महबूब, फेरूना घायल हुए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी पर भी दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इससे सीएचसी पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने दोनों को बलपूर्वक अलग-अलग किया और दो लोगों को हिरासत में लिया है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस घटना को लेकर गांव में दोनों पक्षों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। वहीं, दूसरे ओर पठानकोठ निवासी वकील खान एक फैक्ट्री में काम करता है, जब वह साइकिल से जा रहा था, तो उसकी साइकिल किसी से टकरा गई। उसे भी फावड़ा मारकर घायल कर दिया।