भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोखर को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हॉर्न बजाने के बाद भी युवक कार के सामने से नहीं हटा। इस बारे में बोलने पर आरोपी ने गाली-गलौज कर गोली से उड़ाने की धमकी दी। उनकी तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
जिलाध्यक्ष संजय खोखर छपरौली के रहने वाले है। उनके मुताबिक वे सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे कस्बा में अपनी कार से बाजार से गुजर रहे थे। रास्ते में एक युवक खड़ा हुआ था। हॉर्न बजाने के बाद भी आरोपी युवक गाड़ी के आगे से नहीं हटा।
उनके द्वारा हटने के लिए बोला तो, आरोपी ने उनको चुटकी बजाकर गाली-गलौज कर कहा कि तुझे तो एक सेकेंड में गोली से उड़ा दूंगा। खोखर का कहना है कि पुलिस को फोन किया तो आरोपी तभी फरार हो गया।
उनकी तहरीर पर आरोपी हरेंद्र के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। उधर, थाना प्रभारी बृजेश कुमार कुशवाहा ने बताया कि आरोपी हरेंद्र की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उसको पकड़ लिया जाएगा।