पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में मतदान के दौरान पुलिस प्रशासन की किरठल और असारा गांव पर पैनी नजर रही। इन गांवों में कुख्यात व जिलाबदर बदमाशों के परिवार के सदस्य चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रशासन ने ड्रोन के जरिये मतदान के दौरान केंद्रों की निगरानी की। .
किरठल गांव में कुख्यात धर्मेंद्र किरठल जिलाबदर है। उसने अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं उसके सामने कुख्यात व जिलाबदर कृष्णपाल उसकी भी पत्नी चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार असारा गांव में भी मुशर्रफ पहलवान जिलाबदर है। उसने भी अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतारा है।
दोनों ही गांवों में कोई गड़बड़ी न हो इसको देखते हुए प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने पैनी नजर रखी। ड्रोन के सहारे मतदान के दौरान गांवों में बदमाशों के छिपे होने की शक में निगरानी की।
पुलिस-प्रशासन की नजर लगी रही
बड़ौत। ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन नजर रखे हुए थे। मेरठ जोन आईजी आलोक शर्मा, डीएम नरेंद्र शंकर पांडेय, एसपी रवि शंकर छवि, एडीएम राकेश मालपाणी, एसडीएम यशवर्द्धन श्रीवास्तव, सीओ सीपी सिंह पुलिस बल के साथ मतदान केंद्रों पर निगरानी जमाए हुए थे।