विकास भवन के पास एक युवक एक घंटे तक बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। सूचना पर पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। युवक की हालत चिंता जनक बनी है।
सोमवार की सुबह 10 बजे के लगभग बागपत में विकास भवन के पास एक युवक बेहोश होकर गिर गया। उसके मुंह से झाग निकलने लगे। मौके पर वहां से गुजर रहे लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने युवक के मुंह में पानी डाला, लेकिन वह होश में नहीं आया। इसकी सूचना एंबुलेंस को दी, एक घंटे तक भी एंबुलेंस नहीं आई। जिला अस्पताल यहां से 500 मीटर की दूसरी पर है। अधिकारी एवं जिला अस्पताल जा रहे कर्मचारी वहां से गुजरते रहे, लेकिन किसी ने बेहोश युवक की सुध नहीं ली। एंबुलेंस न आने से लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। युवक की पहचान नहीं हो सकती है। उसके होश में आने के बाद ही वह कहां का रहने वाला है, पता चल सकेगा। लोगों का कहना था कि एंबुलेंस चालक लापरवाही करते हैं। सूचना के एक-एक घंटे बाद तक मौके पर नहीं पहुंचे।