बागपत। चांदीनगर थाना क्षेत्र के फुलैरा गांव में गली से निकलने के विवाद में एक ग्रामीण पर पड़ोसियों ने जानलेवा हमला कर दिया। लाठी डंडों और धारदार हथियारों से हुए हमले में वह गंभीर घायल हो गया। परिजन पहले सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर किया।
फुलैरा गांव निवासी मजदूर अशोक का अपने पड़ोसियों से गली को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार की रात करीब 11 बजे भी दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। पड़ोसियों ने अशोक पर लाठी डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे बचाया। बेहोशी की हालत में परिजन उसे लेकर पिलाना सीएचसी पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर किया। पुलिस ने बताया गली का विवाद है। मंगलवार की रात में गली से निकलने को लेकर ही मजदूर के साथ कहासुनी हुई। मजदूर की हालत खतरे में बताई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कई जगह दबिश दी, लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़े।