तिलपनी के जंगल में बाइक छोड़कर भागा मुनाजिर
बागपत। लुटेरा गैंग का सरगना मुनाजिर पुलिस को चकमा देकर बाइक तिलपनी के जंगल में छोड़कर भाग गया। पुलिस ने आरोपी की घंटों तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिला। दूसरी तरफ गैंग के दो ओर सदस्य सरधना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं।
सिंघावली अहीर क्षेत्र के तिलपनी गांव का मुनाजिर डकैती और लूट की वारदात को अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम देता है। अधिकांश मवेशियों की लूटपाट करता है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मुनाजिर कई बार जेल जा चुका है। कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से छूटकर आया है। अब उसने दोबारा लूटपाट शुरू कर दी। सात दिन पहले पुरा गांव में चरवाहों को बंधक बनाकर पशु लूटने का प्रयास किया । ग्रामीणों की घेराबंदी होने पर बदमाश अपना मिनी ट्रक और बाइक को छोड़कर भाग गए । ट्रक से एक बदमाश का पर्स मिला । उसमें एक बदमाश का पहचान पत्र मिला । पुलिस ने तभी से ही उनकी धरपकड़ शुरू कर दी । बालैनी पुलिस ने रविवार को उसके साथी राहिल निवासी सरधना को गिरफ्तार कर जेल भेजा। सरधना पुलिस को भी दो बदमाशों को पकड़ने में कामयाबी मिल गई। बालैनी पुलिस ने मुनाजिर की तलाश में तिलपनी का जंगल खंगाला। थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने कहा सरधना पुलिस ने आरोपी शादाब और छोटी को गिरफ्तार किया। आरोपी मुनाजिर की तलाश की जा रही है। लोकेशन मिलने पर उसका पीछा किया गया, आरोपी तिलपनी के जंगल में अपनी बाइक को छोड़कर भाग गया। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।