यमुना खादर में अवैध वसूली पर ठेकेदार पर केसदर्ज
बागपत। यमुना खादर में अनियमित तरीके से रास्ता बना अवैध वसूली करने पर ठेकेदार अरुण कुमार नारंग के खिलाफ कोतवाली पर मुकदमा दर्ज हुआ है। नगर पालिका उसको पहले ही ब्लैक लिस्ट कर चुकी है। यह कार्रवाई शासन के आदेश पर हुई है।
बागपत के ठाकुरद्वारा मोहल्ला के अरुण कुमार नारंग को यमुना पार करने के लिए नौ घाट का मई 2017 को तीन साल के लिए साढ़े 24 लाख रुपये का ठेका दिया था। ठेकेदार ने यमुना में पानी न होने के कारण अनियमित तरीके से रास्ता बना लिया था और वहां से आने-जाने वालों से अवैध वसूली शुरू कर दी थी। इसकी शिकायत शासन तक पहुंच गई। जो जांच में सही पाई । आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने डीएम को पत्र जारी करते हुए कहा ठेकेदार ने नीलामी की शर्तों का उल्लंघन किया है। उन्होंने ठेकेदार द्वारा जमा कराई धरोहर राशि एवं उनके द्वारा अभी तक जमा की गई समस्त धनराशि को जब्त करने, ठेकेदार को काली सूची में डालने और आरोपी ठेकेदार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। इस मामले में पालिका के अधिशासी अधिकारी ललित कुमार आर्य की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है। पालिका पहले ही आरोपी को ब्लैकलिस्ट कर चुकी है।