बड़ौत (बागपत)। नगर में एक महिला को ससुराल वालों ने दहेज में मकान बनाकर देने से इंकार किए जाने पर मारपीट कर भगा दिया। बाद में जब वह मायके पहुंची तो वहां पहुंचकर भी उस पर जानलेवा हमला किया। उसके परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे और उसने ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी है।
घायल शबीना पुत्री यामीन कांधला की रहने वाली है। उसके पिता ने दो साल पहले उसका निकाह गुराना रोड निवासी एक व्यक्ति से किया था। अब उसके एक बच्चा भी है। कुछ माह पूर्व से शबीना के ससुराल वाले उससे मांग कर रहे थे कि वे अपने परिजनों से एक मकान बनवाकर दे। लेकिन उसने मना कर दिया। मंगलवार की रात ससुरालवालों ने उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। वह किसी तरह वहां से अपने पिता के यहां पहुंची। बुधवार की सुबह भी ससुराल वाले भी वहां आ धमके और घर में घुसकर लाठी-डंडों से उसे पीटा, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर जब मोहल्ले के लोग उधर दौड़े तो वे आरोपी भाग निकले।