बागपत। कोतवाली क्षेत्र के बाघू गांव में रिश्तेदारी में आए एक व्यक्ति से चार नकाबपोश बदमाशों ने मारपीट कर दस हजार रुपये लूट लिए। शोर शराबा होने पर पीड़ित व अन्य ग्रामीणों का बदमाशों ने काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वह मौके से फरार हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के अहमद शाहपुर गठीना गांव निवासी सलीम पुत्र यासीन बाघू गांव में अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था। जहां से वह अपने रिश्तेदार से दस हजार रुपये लेकर वापस घर जा रहा था, इसी दौरान गांव से बाहर सुनसान सड़क पर पीड़ित को बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने घेर लिया तथा मारपीट कर दस हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने शोर मचाया तो अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे तथा आरोपियों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वे फरार हो गए। इस मामले में पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।