खेकड़ा (बागपत)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर लहचौड़ा गांव के पास बुधवार की रात में बदमाशों ने ट्रक चालक से तमंचे के बल पर हजारों की नगदी व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर मारपीट कर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके।
गाजियाबाद निवासी ट्रक चालक मनोज ने बताया कि वह बुधवार की रात में गाजियाबाद से खाली ट्रक लेकर हरियाणा जा रहा था। जब वह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर लहचौड़ा गांव के पास पहुंचा तो ट्रक को रोककर मोबाइल पर बात करने लगा। इसी दौरान तीन-चार बदमाश ट्रक में सवार हुए और उस पर तमंचा तान दिया। बदमाशों ने उससे दस हजार रुपये की नगदी व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर उसे मारपीट कर घायल कर दिया। बदमाश जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। इस संबंध में चालक ने तहरीर दी है। खेकड़ा थानाध्यक्ष शिव प्रकाश ने बताया कि थाने पर तहरीर नहीं आई है। एक्सप्रेस-वे पर रात्रि में पुलिस गश्त करती है।