बागपत। दोघट थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला को दहेज की मांग पूरी न होने पर मुजफ्फरनगर शहर क्षेत्र स्थित ससुराल में बंधक बनाक दो लोगों ने गैंगरेप किया। पुलिस ने महिला को बंधन मुक्त कराकर मायके में भेज दिया। पीड़िता ने परिजनों को घटनाक्रम की जानकारी दी। दो दिन पूर्व ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके से महिला को अगवा करने की कोशिश की। ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इस संबंध में दोघट थाने पर तहरीर दी गई है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
दोघट थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका निकाह 19 सितंबर 2016 को मुजफ्फरनगर निवासी युवक के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ही कम दहेज लाने को लेकर ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे थे। अब ससुराल वाले दहेज में कार की मांग कर रहे हैं। महिला ने जब इससे इंकार कर दिया तो पति, जेठ, ननद ने उसके साथ मारपीट की। दहेज का दबाव बनाने के लिए जेठ ने उसके साथ छेड़खानी व नाजायज संबंध बनाने की कोशिश की। उसने इसका जिक्र जब पति से किया तो पति ने उसके साथ ही मारपीट की और कहा कि जब तक दहेज की मांग पूरी नहीं होगी, यहां तो ऐसा ही चलेगा। वह मजबूरी में सब कुछ सहन करती रही। 23 मार्च को उसके पति, जेठ समेत तीन लोगों ने उसे कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया। दो दिनों तक उसे भूखा प्यासा कमरे में बंद रखा और रेप करते रहे। 25 मार्च को पड़ोसियों ने 100 नंबर पर मुजफ्फरनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाहिता को बंधन मुक्त कराया और मायके भेज दिया। उसने मायके में परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। 26 मार्च को पति, जेठ, ननद, जेठानी महिला के मायके में आए और उसे जबरन कार में डालकर ले जाने लगे। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और किसी तरह महिला को उनसे बचाया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस संबंध में पीड़िता ने दोघट थाने पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने एसपी से मामले में कार्रवाई कराने की मांग की है।