दाहा/बिनौली। क्षेत्र के एक गांव में युवक और युवती का प्रेम प्रसंग चल रहा है। पता चलने पर लड़की के परिजन प्रेमी युवक को शनिवार को बहाने से खेत में ले गए। उसको बंधक बनाकर पीटा। आरोप है कि उसको फांसी लगाकर मारने का भी प्रयास किया। इसके बाद भी लड़की अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी है। दहशत के चलते लड़के के परिजनों ने अभी पुलिस से शिकायत नहीं की है।
गांव के एक युवक का पड़ोस की एक युवती से पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। जो अलग-अलग जाति से है। उनके परिजनों को इसका पता चल गया । लड़की के परिजनों ने युवक को चेतावनी दी थी। इस कारण युवक गांव से बाहर जाकर काम करने लगा था। करीब एक सप्ताह पहले युवक अपने घर पर आया । शनिवार को युवक को एक लड़का बहाने से घर से बुलाकर खेत में ले गया। आरोप है कि वहां लड़की के परिजन पहले से ही मौजूद थे। उन लोगों ने युवक की बंधक बनाकर पिटाई की और फांसी लगाकर मारने का प्रयास किया। तलाश करते युवक के परिजन खेत में पहुंचे। उनको देखकर आरोपी धमकी देकर भाग गए। पुलिस कंट्रोल रूम पर शिकायत की । पुलिस ने गांव में पहुंचकर आरोपी युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित युवक के परिजन दहशत में है। वे अभी तक बिनौली थाने पर शिकायत करने के लिए नहीं गए है। थाना प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा इस संबंध में किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।