बिनौली (बागपत)।
बड़ौत-मीनगर सराय मार्ग पर फतेहपुर पुट्ठी गांव के पास शनिवार की देर शाम तीन बदमाशों ने प्लास्टिक फैक्ट्री के सुपरवाइजर से मारपीट कर हजारों की नगदी, बाइक और मोबाइल लूट लिया। बदमाश उन्हें बांधकर फरार हो गए। इस संबंध में सुपरवाइजर ने थाने में बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।
लूट का शिकार हुआ प्रवीण पुत्र सुरेश चंद बिनौली रोड बड़ौत का रहने वाला है। वह आईपीएस प्लास्टिक फैक्ट्री बड़ौत में सुपरवाइजर है। वह देर शाम अपनी बाइक पर गाजियाबाद से बड़ौत आ रहा था। जब वह बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर फतेहपुर पुट्ठी गांव के पास पहुंचा तो उसे तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर रोक लिया और मारपीट कर उससे पांच हजार रुपये की नगदी, मोबाइल और बाइक लूट ली। बदमाश उसे बांधकर फरार हो गए। किसी तरह से बंधन मुक्त होकर उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी बंद कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने बिनौली थाने में तहरीर दी है।