चांदीनगर (बागपत)। रटौल-ढ़िकौली मार्ग पर कार सवार बदमाशों ने बाइक सवार दो युवकों से मारपीट कर हजारों रुपये की नगदी और मोबाइल लूट लिए। बाद में लुटेरे धमकी देकर भाग गए। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।
अमीनगर सराय कस्बा निवासी सोनू पुत्र इरशाद और ललित पुत्र मांगे किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर दिल्ली गए थे। रविवार रात करीब आठ बजे वापस घर लौट रहे थे। रटौल-ढ़िकौली मार्ग पर खासपुर पुलिया के पास कार सवार बदमाशों ने उनको रोककर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की। तमंचे से आतंकित कर सोनू से 1500 रुपये और ललित से आठ सौ रुपये और मोबाइल लूट लिए। जाते समय बदमाशों ने धमकी दी कि पुलिस से शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित रटौल चौकी पर शिकायत करने के लिए पहुंचे। वहां पर तैनात पुलिस वालों ने घटना स्थल चांदीनगर थाना क्षेत्र का बताकर टरका दिया। इसके बाद पीड़ित चले गए। चांदीनगर थानाध्यक्ष राजेश कुमार भारती ने कहा उनके संज्ञान में मामला नहीं है। न ही किसी ने थाने में शिकायत की है। यदि कोई शिकायत करने आता है तो कार्रवाई होगी।