छपरौली (बागपत)। दोस्तों के साथ यमुना में नहाने गए दस साल के बच्चे की डूब जाने से मौत हो गई। बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने तलाश की। यमुना में बच्चा बरामद हुआ। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद कस्बे में गम का माहौल है। परिवार के लोग गम में डूबे हैं।
शनिवार को शाम करीब चार बजे छपरौली का सुभान (10) पुत्र अफजाल कस्बे के अन्य बच्चों के साथ यमुना में नहाने चला गया। साथी बच्चे यमुना किनारे पर नहा रहे थे, जबकि सुभान खेल-खेल में इन बच्चों से अलग हो गया। नहाने के बाद साथी बच्चे एक बुग्गी पर सवार होकर घर लौट आए, जबकि सुभान छूट गया। बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने तलाश की। साथी बच्चों से पूछा तो उन्होंने यमुना में नहाने के लिए गए होने की बात बताई। परिजन और कस्बे के लोग यमुना में तलाश के लिए पहुंचे। मंदिर के सामने परिजनों को दस साल का सुभान बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे लेकर स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच करने के बाद सुभान को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही गम का माहौल बन गया। बच्चे की मौत के बाद कस्बे में भी गम का माहौल बन गया।
चार फुट पानी, गड्ढे में फंस गया सुभान
छपरौली। लोगों के अनुसार यमुना नदी में वर्तमान समय में करीब चार फुट पानी है। सुभान नहाते हुए गड्ढे में फंस गया, जिससे उसके डूबने की आशंका है। जिस जगह हादसा हुआ, यहां से आसपास के लोग बुग्गी और ट्रैक्टर-ट्रॉली से रेत निकालते हैं। माना जा रहा है कि खनन के गड्ढे में फंसने से ही उसकी मौत हुई है।
आए दिन हो रहे हादसे
छपरौली। यमुना में डूबने से आए दिन लोगों की मौत हो रही है। बागपत में पिछले महीने ही युवक की मौत हुई थी। इससे पहले काठा में मां-बेटी की मौत हो गई थी।