बागपत। बड़ौत में शोरूम कर्मी विक्रम सिंह की हत्या के मामले में पूर्व सैनिक समिति के अध्यक्ष शीशपाल के बेटे समेत चार युवकों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में बावली गांव केे ग्रामीणों ने एसपी दफ्तर पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने युवकों को फर्जी फंसाने एवं थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया। एएसपी का घेराव कर युवकों को छोड़ने की मांग की। एएसपी ने आश्वासन दिया कि हत्या में किसी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा।
बड़ौत नगर पालिका के चेयरमैन अमित राणा उर्फ दुष्यंत तोमर के नेतृत्व मेें बावली गांव के ग्रामीण एसपी दफ्तर पहुंचे। ग्रामीणों ने एएसपी रण विजय सिंह का घेराव किया। उन्होने बताया कि 30 अप्रैल की रात आठ बजे बड़ौत में हेवल्स शोरूम पर विक्रम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने बावली गांव के सद्दाम, शिवम उर्फ फोर्ड, आदित्य उर्फ गोलू और विजय पुत्र शीशपाल को घरों से लेकर आई थी। आरोप लगाया कि उन्हें कोतवाली में थर्ड डिग्री दी। मृतक के परिजन शोरूम मालिक पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने यदि चारों युवकों को नहीं छोड़ा तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन शुरू कर देंगे। एएसपी रण विजय सिंह ने आश्वासन दिया कि हत्या के मुकदमे में किसी भी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा। चारों युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया हुआ है। यदि वे निर्दोष है तो उन्हें छोड़ दिया जाएगा। इस पर ग्रामीण संतुष्ट हो गए औैर घर वापस चले गए। इसमें तेजू प्रधान, अजय प्रधान, ओमवीर प्रधान, बसंत, शेखर, रिपुदमन, शुभम तोमर आदि रहे।
पुलिस को बैग और लाइसेंसी राइफल ले जाते युवक की फुटेज मिली
बागपत। बड़ौत में शोरूमकर्मी विक्रम सिंह की हत्या की गुत्थी उलझती जा रही है। घटना के आठ दिन बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई। मृतक के परिजन शोरूम मालिक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस जांच की बात कह रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक युवक शोरूम से बैग व लाइसेंसी रायफल ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। परिजनों ने फुटेज पुलिस को सौंप दी।
बड़ौत में 30 अप्रैल की रात शोरूमकर्मी विक्रम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शोरूम मालिक के बेटे प्रशांत पुत्र बिजेंद्र ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विक्रम की हत्या कर उनकी लाइसेंसी रायफल और पांच लाख के लगभग नगदी व सोने के जेवरात लूटने की धाराओं में मामला दर्ज कराया जबकि मृतक के बड़े भाई सतपाल ने शोरूम मालिक बिजेंद्र, उसके बेटे प्रशांत, सौरभ व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस लूट के बाद हत्या के बिंदु पर जांच कर रही है। मृतक के परिजन शोरूम मालिक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे है। मृतक के परिजनों ने शोरूम के आसपास घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई तो फुटेज में घटना के बाद एक युवक शोरूम से बैग व रायफल लेकर निकलता दिख रहा है। परिजनों का कहना है कि युवक शोरूम मालिक का ही परिचित है। उन्होंने पुलिस को फुटेज सौंप दी। एएसपी रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस घटना के खुलासे में लगी हुई है। कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली हैं। जल्दी ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही है पूछताछ
बड़ौत (बागपत)।
पुलिस आठ दिन बाद भी बावली रोड स्थित हेवल्स शोरूम पर विक्रम की हत्या के मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। इसके खुलासे को लेकर पुलिस ताबड़तोड़ दबिशें दे रही है और कुछ और संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस प्रमाण हाथ नहीं लगा है।
विगत 30 अप्रैल को शोरूम के कर्मचारी विक्रम की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। इस मामले में जहां शोरूम मालिक के बेटे प्रशांत ने बदमाशों के खिलाफ लूटपाट करने व हत्या की धारा में मामला दर्ज कराया । वहीं विक्रम के बड़े भाई सत्यवीर ने शोरूम मालिक व उनके बेटों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई । हत्याकांड के आठ दिन बाद भी अभी तक पुलिस उस घटने के पीछे क्या कारण पता नहीं लगा पाई है। दर्जनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस प्रमाण हाथ नहीं लगा। पुलिस सोमवार की रात्रि में दबिश दीं और कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने कहा अभी कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस प्रमाण पुलिस के हाथ नहीं लगे है।