दोघट (बागपत)। गैडबरा-बोपुरा मार्ग पर नकाबपोश चार बदमाशों ने बाइक सवार मामा-भांजे से हथियारों के बल पर हजारों की नगदी व बाइक लूट ली। बदमाश मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने जंगल में कांबिंग कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
रमाला थाना क्षेत्र के थल गांव निवासी इरफान पुत्र सनव्वर ने बताया कि वह सोमवार को अपने बोपुरा गांव में मामा के घर जा रहा था। बाइक पर मामा हसन पुत्र नूर मोहम्मद साथ था। जब वे गैडबरा-बोपुरा मार्ग पर बिजलीघर से आगे पहुंचे तो गन्ने के खेत से चार नकाबपोश बदमाश निकले और तमंचे के बल पर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनसे 31 हजार रुपये की नगदी, बाइक, दो मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जंगल में कांबिंग की, लेकिन बदमाश नहीं मिले। पीड़ित ने तहरीर दी। एसओ अजय शर्मा ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।