दो लाख रुपये के लेनदेन में हुई थी सराफा कारोबारी की हत्या
अमीनगर सराय। कस्बे के सराफा सुनील जैन हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद किए। आरोपी ने बताया कि उधार के दो लाख रुपये को लेकर सराफा कारोबारी की हत्या की गई थी।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के तिलपनी मार्ग पर 29 जून को सर्राफ सुनील जैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस विवेचना में साजिद निवासी तिलपनी का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिशें दी तो आरोपी ने दस दिन पहले पुलिस के दबाव के चलते कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को आठ घंटे के कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि सुनील जैन से दो लाख रुपये उधार के रुपये को लेकर हत्या की थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस बरामद किए। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी ने हत्या करने के बाद कैडवा में ईंट भट्ठे के पास तमंचा छिपा दिया था। रिमांड के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया।