पुलिस ने पांच लुटेरे किए गिरफ्तार
दोघट। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर दस दिन पूर्व हुई लूट की घटना का खुलासा किया है। बदमाशों के पास से लूटी गई एक बाइक, मोबाइल, राइफल, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
बता दें कि एक मार्च को बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर कान्हड़ और पुसार के बीच चार बदमाशों ने नकुल कुमार निवासी पुसार और उसके साथी विकास कुमार निवासी रठौड़ा से पल्सर बाइक, मोबाइल, 15200 रुपये की नगदी लूट ली थी। इस संबंध में नकुल कुमार ने दोघट थाने पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में चार बदमाशों के नाम सामने आए थे। बृहस्पतिवार को पुलिस सूचना मिली थी कि बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग स्थित कान्हड़ रजबाहे पुलिया पर कुछ बदमाश बाइक लेकर लूट करने के इरादे से आ रहे है। इस सूचना पर एसएसआई रमेश सिंह सिंधू और एसआई सोनी राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो सामने से बाइक पर चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो एक बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पुलिस ने गोली चला दी और भागने लगे। लेकिन पुलिस ने चारों को घेरकर पकड़ लिया। उनके कब्जे से लूटी गई पल्सर बाइक, मोबाइल, राइफल, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए। पकड़े गए बदमाश रितेश उर्फ फौजी, आकाश, छोटू, मनीष निवासी पट्टी भोजान दोघट शामिल हैं।
एसओ चितवन कुमार ने बताया कि आरोपियों ने ने पूछताछ में लूटा गया मोबाइल कमल निवासी दोघट के पास होना बताया। पुलिस ने कमल को उसके ही घर से गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल बरामद किया। पुलिस ने पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया।