बागपत। धोखाधड़ी और जालसाजी से छात्रवृत्ति हासिल करने के मामले मेें प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत मिलने पर जांच की गई तो संस्था द्वारा अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। इस मामले में संस्था के आरोपी प्रधानाचार्य व संस्थापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विमल कुमार ढाका ने सिंघावली अहीर थाना में तहरीर देते हुए बताया कि डौला गांव में स्थित त्रिवेणी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एजूकेशन द्वारा शैक्षिक सत्र 2010-11 से 2013-2014 तक विभिन्न अपात्र छात्र-छात्राओं की अनियमित तरीके से छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति प्राप्त करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। इस संबंध में संस्था से अभिलेख मांगे, लेकिन संस्था द्वारा कोई भी अभिलेख नहीं दिए । इस कारण मामले की जांच बाधित हो रही है। मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। संस्था के प्रधानाचार्य और संस्थापक के खिलाफ जांच कार्य में सहयोग न करने और जांच हेतु वांछित अभिलेख उपलब्ध नहीं करने का मुकदमा दर्ज कराया है। उधर, थानाध्यक्ष राजेश कुमार भारती ने कहा इस मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। समाज कल्याण अधिकारी के मुताबिक संस्था ने धोखाधड़ी और जालसाजी से लाखों रुपये विभाग से हड़प रखे हैं। इसकी जांच अलीगढ़ में तैनात डिप्टी डायरेक्टर संदीप सिंह कर रहे है।