बागपत। किसान का एटीएम कार्ड चोरी कर बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए। एटीएम कार्ड से हजारों रुपये की खरीदारी भी की गई। किसान ने कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
चांदीनगर थाना क्षेत्र के चमरावल गांव निवासी उमेश त्यागी पुत्र कर्मचंद त्यागी ने बताया कि वह खेती कर परिवार का पालन-पोषण करता है। 27 मई को वह कार से परिवार सहित बागपत में खरीदारी करने आया था। राष्ट्र वंदना चौक पर कार खड़ी कर बाजार में चले गए थे। जब वे वापस लौटे तो कार का शीशा टूटा था और अंदर रखा एटीएम कार्ड समेत अन्य सामान चोरी हो गया। उसी दिन शाम तीन बजे उसके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये निकलने के मैसेज आने लगे। इससे पहले वह कुछ समझ पाता तब तक 25 हजार रूपये निकल चुके थे। वह तुरंत पीएनबी शाखा गया, लेकिन रविवार की छुट्टी होने के कारण बैंक बंद मिला। रविवार रात 12 बजे के बाद फिर से उसके खाते से 26 हजार रुपये निकाले गए। एटीएम कार्ड से ऑन लाइन शॉपिंग की गई। सोमवार की सुबह उसने बैंक शाखा पहुंचकर एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया, लेकिन तब तक उसके खाते से 90 हजार रुपये निकाले जा चुके थे। किसान ने बताया कि उसने एटीएम कार्ड पर ही पासवर्ड लिख रखा था।