बागपत। बागपत पुलिस अपराधियों को पकड़ने में फिसड्डी हो गई है। यहां के एक के बाद एक अपराधी दूसरे जनपदों में पकड़े जा रहे हैं। सहारनपुर पुलिस ने मुठभेड़ में सोमवार की रात में एक बदमाश गिरफ्तार किया है।
जनपद में 50 हजार रुपये के इनामी अजीत उर्फ हप्पू निवासी बावली समेत दर्जनों अपराधी फरार चल रहे हैं। पुलिस अफसर इनामी बदमाशों को पकड़ने के लिए प्लान तैयार करती रहती है, लेकिन पुलिस को कामयाबी नहीं मिल रही है। जबकि दूसरे जनपद की पुलिस एक के बाद एक अपराधियों को गिरफ्तार कर रही है। सोमवार की रात में कोताना गांव के अपराधी इरफान को सहारनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया। जो सहारनपुर क्षेत्र में डकैती की वारदात को अंजाम देता था। इसके बाद बागपत में आ जाता था। हालांकि बागपत में उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं बताया जा रहा है। इससे पहले दोघट थाने के हिस्ट्रीशीटर जानू उर्फ जान मोहम्मद का मुजफ्फरनगर पुलिस ने एनकाउंटर किया । जो टीचर की हत्या के मामले में फरार चल रहा था। इससे पहले इकराम को शामली पुलिस ने मुठभेड़ में मारा । जो मूलरूप से कैराना का रहने वाला था, लेकिन पिछले दस साल से बड़ौत में ही रह रहा था। इससे पहले भी बागपत के यहां के अपराधियों को दूसरे जनपदों की पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। यहां की पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार करना तो दूर उनका सुराग भी नहीं लगा पा रही है। एसपी जय प्रकाश ने कहा वांछित चल रहे अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
दूसरे जनपदों में अपराध कर आ जाते हैं बागपत में
बागपत। कुछ अपराधी ऐसे हैं जो दूसरे जनपदों में अपराध करते हैं। इसके बाद बागपत में अपने घर या रिश्तेदारी में आ जाते हैं। अपराधी के अपराध की जानकारी न होने के कारण पुलिस से बचे रहते हैं।